रविवार, 14 फ़रवरी 2021

BHAGAVAD GITA 2:13

🙏🙏 देहिनोस्मिन्यथा देहे कौमारं यौवनं जरा। 

तथा देहान्तरप्राप्तिर्धीरस्तत्र न मुह्यति।।१३।🙏🙏

  देहिनः -शरीर धारी की; अस्मिन -इसमें; यथा -जिस प्रकार; देहे -शरीर में; कौमारं -बाल्यावस्था; यौवनम-यौवन,तारुण्य; जरा-वृद्धावस्था; तथा -उसी प्रकार; देह -अंतर -शरीर के स्थानांतरण की; प्राप्ति -उपलब्धि; धीर -धीर व्यक्ति; तत्र -उस विषय में; न -कभी नहीं; मुह्यति -मोह को प्राप्त होता है। 

जिस प्रकार शरीर धारी आत्मा इस (वर्तमान) शरीर में बाल्यावस्था से तरुणावस्था में और फिर वृद्धावस्था में निरन्तर अग्रसर होता रहता है,उसी प्रकार मृत्यु होने पर आत्मा दूसरे में चला जाता है। धीर व्यक्ति ऐसे परिवर्तन से मोह को प्राप्त नहीं होता।   

तात्पर्य :- प्रत्येक जीव एक व्यष्टि आत्मा है। वह प्रतिक्षण अपना शरीर बदलता रहता है -कभी बालक रूप में,कभी युवा तथा वृद्ध पुरुष के रूप में। तो भी आत्मा वही रहता है, उसमे कोई परिवर्तन नहीं होता। यह व्यष्टि आत्मा मृत्यु होने पर अंततोगत्वा एक शरीर बदलकर दूसरे शरीर में देहान्तरण कर जाता है और चूँकि अगले जन्म में इसको शरीर मिलना अवस्यम्भावी है-चाहे वह शरीर आध्यात्मिक हो या भौतिक-अतः अर्जुन के लिए न तो भीष्म, न ही द्रोण के लिए शोक करने का कोई कारण था। अपितु उसे प्रसन्न होना चाहिए था कि वे अपने पुराने शरीरों को बदल कर नयें शरीर ग्रहण करेंगे और इस तरह वे नई शक्ति प्राप्त करेंगे। ऐसे शरीर -परिवर्तन से जीवन में किये कर्म के अनुसार नाना प्रकार के सुखोपभोग या कष्टों का लेखा हो जाता है। चूँकि भीष्म व द्रोण साधु पुरुष थे इसलिए अगले जन्म में उन्हें आध्यात्मिक शरीर प्राप्त होंगे; नहीं तो कम से कम उन्हें स्वर्ग में भोग करने के शरीर प्राप्त होंगे ही,अतः दोनों ही दशाओं में शोक का कोई कारण नहीं था। जिस मनुष्य की व्यष्टि आत्मा,परमात्मा तथा भौतिक और आध्यात्मिक प्रवृति का पूर्ण ज्ञान होता है वह धीर कहलाता है। ऐसा ऐसा मनुष्य कभी भी शरीर -परिवर्तन द्वारा ठगा नहीं जाता। 

आत्मा के एकात्मवाद का मायावादी सिद्धांत मान्य नहीं हो सकता क्योंकि आत्मा के इस प्रकार विखंडन से परमेस्वर विखंडनीय या परिवर्तनशील हो जायेगा,जो परमात्मा के अपरिवर्तनीय होने के सिद्धांत के विरुद्ध होगा। गीता में पुष्टि हुई है कि परमात्मा के खण्डों का शाश्वत या सनातन अस्तित्व है,जिन्हें क्षर कहा जाता है अर्थात उनमे भौतिक प्रकृति में गिरने की प्रवृति हो जाती है। ये भिन्न अंश नित्य भिन्न रहते हैं,यहाँ तक की मृत्यु के बाद भी व्यष्टि आत्मा जैसा का तैसा -भिन्न अंश बना रहता है। किन्तु एक बार मुक्त होने पर वह श्री भगवान् के साथ सच्चिदानंद रूप में रहता है। परमात्मा पर प्रतिबिम्ब वाद का सिद्धांत व्यवहृत किया जा सकता है, जो प्रत्येक शरीर में विद्दमान रहता है। वह व्यष्टि जीव से भिन्न होता है। जब आकाश का प्रतिबिम्ब जल में पड़ता है तो प्रतिबिम्ब में सूर्य चंद्र तथा तारे सभी कुछ रहते हैं। तारों की तुलना जीवों से तथा सूर्य या चंद्र की परमेश्वर से की जा सकती है। व्यष्टि अंश आत्मा को अर्जुन के रूप में और परमात्मा को श्री भगवान् के रूप में प्रदर्शित किया जाता है। जैसा की चतुर्थ अध्याय के प्रारम्भ में स्पष्ट है,वे एक ही स्तर पर नहीं होते। यदि अर्जुन कृष्ण के समान स्तर पर हो और कृष्ण अर्जुन से श्रेष्ठतर न हो तो उनमे उपदेशक तथा दूसरे को उपदिष्ट का सम्बन्ध अर्थहीन होगा क्योंकि माया के चुंगुल में  रहकर कोई भी प्रामाणिक उपदेशक नहीं बन सकता। ऐसी परिस्थितियों में यह मान लिया जाता है की भगवान् कृष्ण परमेश्वर हैं, जो पद में माया द्वारा विस्मृत अर्जुन रुपी जीव से श्रेष्ठ है। 

क्रमशः !!!    

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें