सोमवार, 31 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:29

🙏🙏 

प्रकृतेर्गुणसम्मूढाः सज्जन्ते गुणकर्मसु। 

तानकृतस्रविदो मन्दांकृतसवित्र विचालयेत।।२९।।

प्रकृते -प्रकृति  के;  गुण-गुणों से; सम्मूढा -भौतिक पहचान से बेवकूफ बने हुए; सज्जन्ते -लग जाते हैं; गुण -कर्मसु -भौतिक कार्यों में; तान -उन; अकृतस्त्र-विदः -अल्पज्ञानी पुरुष; मन्दान -आत्म -साक्षात्कार समझने में आलसियों को; कृतस्र -वित् -ज्ञानी; न -नहीं; विचालयेत -विचलित करने का प्रयत्न करना चाहिए। 

माया के गुणों से मोहग्रस्त होने पर अज्ञानी पुरुष पूर्णतया भौतिक कार्यों में संलग्न रहकर उनमे आसक्त हो जाते हैं। यद्द्पि उनके ये कार्य उनमे ज्ञानाभाव के कारण अधम होते हैं,किन्तु ज्ञानी को चाहिए कि उन्हें विचलित न करे। 

तात्पर्य :-अज्ञानी पुरुष स्थूल भौतिक चेतना से और उपाधियों से पूर्ण रहते हैं। यह शरीर प्रकृति की देन है और जो व्यक्ति शारीरिक चेतना में अत्यधिक आसक्त होता है वह मन्द अर्थात आलसी कहा जाता है। अज्ञानी मनुष्य शरीर को आत्मस्वरूप मानते हैं,वे अन्यों के साथ शारीरिक सम्बन्ध को बंधुत्व मानते हैं , जिस देश में यह शरीर प्राप्त  हुआ है उसे वे पूज्य मानते हैं और वे धार्मिक अनुष्ठानो की औपचारिकताओं को ही अपना लक्ष्य मानते हैं। ऐसे भौतिकताग्रस्त उपाधिधारी पुरुषों के कुछ प्रकार के कार्यों में सामाजिक सेवा,राष्ट्रीयता तथा परोपकार है। ऐसी उपाधियों के चक्कर में वे सदैव भौतिक क्षेत्र में व्यस्त रहते हैं,उनके लिए आध्यात्मिक बोध मिथ्या है, अतः वे रूचि नहीं लेते। किन्तु जो लोग आध्यात्मिक जीवन में जागरूक हैं, उन्हें चाहिए कि इस तरह भौतिकता में मग्न व्यक्तियों को विचलित न करें। अच्छा तो यही होगा कि वे शांतभाव से अपने आध्यात्मिक कार्यों को करें। ऐसे मोहग्रस्त व्यक्ति अहिंसा जैसे जीवन के मूलभूत नैतिक सिद्धांतो तथा इसी प्रकार कार्यों में लगे हो सकते हैं। 

जो लोग अज्ञानी हैं वे कृष्णभावनामृत के कार्यों को समझ नहीं पाते,अतः भगवान् कृष्ण हमें उपदेश देते हैं कि ऐसे लोगों को विचलित न किया जाय और व्यर्थ ही मूल्यवान समय नष्ट न  किया जाय। किन्तु भगवद्भक्त भगवान् से भी अधिक दयालु होते हैं, क्योंकि वे भगवान् के अभिप्राय को समझते हैं। फलतः वे सभी प्रकार के संकट झेलते हैं, यहाँ तक कि वे अज्ञानी पुरुषों के पास जा-जा कर उन्हें कृष्णभावनामृत के कार्यों में प्रवृत करने का प्रयास करते हैं,जो मानव के लिए परमावश्यक है। 

क्रमशः !!!🙏🙏 

शनिवार, 29 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:28

 🙏🙏तत्ववितु महाबाहो गुणकर्मविभागयोः। 

गुणा गुणेषु वर्तन्त इति मत्वा न सञ्जते।।२८।।

तत्व-वित् -परम सत्य को जानने वाला; तु-लेकिन;महाबाहो -हे विशाल भुजाओं वाले; गुण -कर्म -भौतिक प्रभाव के अन्तर्गत कर्म के; विभागयोः -भेद के; गुणाः -इन्द्रियां; गुणेषु -इन्द्रियतृप्ति में; वर्तन्ते -तत्पर रहती हैं; इति इस प्रकार; मत्वा -मानकर; न -कभी नहीं;सञ्जते -आसक्त रहता है। 

हे महाबाहो ! भक्तिभाव कर्म तथा सकाम कर्म के भेद को भलीभांति जानते हुए जो परम सत्य को जानने वाला है,वह कभी भी अपने आप को इन्द्रियों में तथा इन्द्रियतृप्ति में नहीं लगाता। 

तात्पर्य :-परम सत्य को जानने वाला भौतिक संगति में अपनी विषम स्थिति को जानता है। वह जानता है कि वह भगवान् कृष्ण का अंश है और उसका स्थान इस भौतिक सृष्टि में नहीं होना चाहिए। वह अपने वास्तविक स्वरुप को भगवान् के अंश के रूप में जानता है जो सत चित आनंद है और उसे यह अनुभूति होती रहती है कि " मैं किसी कारण से देहात्मबुद्धि में फंस चुका हूँ। " अपने अस्तित्व की शुद्ध अवस्था में उसे सारे कार्य भगवान् कृष्ण की सेवा में नियोजित करने चाहिए। फलतः वह अपने आपको कृष्णभावनामृत के कार्यों में लगाता है  और भौतिक इन्द्रियों के कार्यों के प्रति स्वभावतः अनासक्त हो जाता है क्यों कि ये परिस्थितिजन्य तथा अस्थायी  है।  वह जानता है कि उसके जीवन की भौतिक दशा भगवान् के नियंत्रण में हैं, फलतः वह सभी प्रकार के भौतिक बन्धनों से विचलित नहीं होता क्योंकि वह इन्हे भगवत्कृपा मानता है। श्रीमद्भागवत के अनुसार जो व्यक्ति परम सत्य को ब्रह्म,परमात्मा तथा श्री भगवान् -इन तीनों विभिन्न रूपों में जानता है वह तत्ववित्त कहलाता है,क्योंकि वह परमेश्वर के साथ अपने वास्तविक सम्बन्ध के जानना। 

क्रमशः !!! 🙏🙏

गुरुवार, 27 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:27

🙏🙏

प्रकृतेः क्रियमाणानि गुणैः कर्माणि सर्वशः। 

अहङ्कारविमूढात्मा कर्ताहमिति मन्यते।।२७।।

प्रकृतेः-प्रकृति का; क्रियमाणानि -किये जाकर; गुणैः - गुणों के द्वारा; कर्माणि -कर्म; सर्वशः-सभी प्रकार के; अहङ्कार -विमूढ़ -अहंकार से मोहित; आत्मा -आत्मा; करता -करने वाला; अहम् -मैं हूँ; इति -इस प्रकार; मन्यते -सोचता है। 

जीवात्मा अहंकार के प्रभाव से मोहग्रस्त होकर अपने आपको समस्त कर्मों का कर्ता  मान बैठता है, जब कि वास्तव में प्रकृति के तीनों गुणों द्वारा संपन्न किये जाते हैं। 

तात्पर्य :-दो व्यक्ति जिनमे से एक कृष्णभावनाभावित है और दूसरा भौतिक चेतना वाला है,सामान स्तर पर कार्य करते हुए समान पद पर प्रतीत हो सकते हैं,किन्तु अनके पदों में आकाश -पाताल का अंतर रहता है। भौतिक चेतना वाला व्यक्ति अहंकार के कारण आश्वस्त रहता है कि वही सभी वस्तुओं का कर्ता है। वह यह नहीं जानता  कि शरीर की रचना प्रकृति द्वारा हुई है, जो परमेश्वर की अध्यक्षता में कार्य करती है। भौतिकवादी व्यक्ति यह नहीं जानता अंततोगत्वा कि वह कृष्ण के अधीन है। अहंकारवश ऐसा व्यक्ति हर कार्य को स्वतंत्र रूप से करने का  श्रेय लेंना चाहता है और यही है उसके अज्ञान का लक्षण।

उसे यह ज्ञात नहीं है कि उसके इस स्थूल तथा सूक्ष्म शरीर की रचना प्रकृति द्वारा भगवान् की अध्यक्षता में की गयी है, अतः उसके सारे शारीरिक तथा मानसिक कार्य कृष्णभावनामृत में रहकर कृष्ण की सेवा में तत्पर होने चाहिए। अज्ञानी व्यक्ति यह भूल जाता है कि भगवान् हृषिकेश कहलाते हैं अर्थात वे शरीर के इन्द्रियों के स्वामी हैं। इन्द्रियतृप्ति के लिए इन्द्रियों का निरंतर उपयोग करते रहने से वह अहंकार के कारण वस्तुतः मोहग्रस्त रहता है, जिससे वह कृष्ण के साथ अपने शाश्वत सम्बन्ध को भूल जाता है।

क्रमशः !!! 🙏🙏

      

बुधवार, 26 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:26

🙏🙏

 न बुद्धिभेदं जनयेदज्ञानाम कर्मसङ्गिनाम। 

जोषयेत्सकर्माणि विद्वान्युक्तः समचरन।। २६।। 

न -नहीं; बुद्धि-भेदम -बुद्धि का विचलन; जनयेत- उत्पन्न करें; अज्ञानम -मूर्खों का; कर्म-सङ्गिनाम -सकाम कर्मों में आसक्त; जोषयेत -नियोजित करें; सर्व -सारे; कर्माणि -कर्म; विद्वान् -विद्वान् व्यक्ति; युक्त: -लगा हुआ; तत्पर; समाचरन-अभ्यास करता हुआ। 

विद्वान् व्यक्ति को चाहिए कि वह सकाम कर्मों में आसक्त अज्ञानी पुरुषों को कर्म करने से रोके नहीं ताकि उनके मन विचलित न हों। अपितु भक्तिभाव से कर्म करते हुए वह उन्हें सभी प्रकार के कार्यों में लगाये। (जिससे कृष्णभावनामृत का क्रमिक विकास हो) 

तात्पर्य :-वेदैश्च सर्वैरहम वैद्यः -यह सिद्धांत सम्पूर्ण वैदिक अनुष्ठानों की पराकाष्ठा है। सारे अनुष्ठान,सारे यज्ञ -कृत्य तथा वेदों में भौतिक कार्यों के निर्देश हैं,  उन सबों समेत सारी वस्तुएं कृष्ण को जानने के निमित हैं, जो हमारे जीवन के चरम लक्ष्य हैं। लेकिन चूँकि बद्धजीव इन्द्रियतृप्ति के अतिरिक्त और कुछ नहीं जानते,अतः वे वेदों का अध्ययन इसी दृष्टि से करते हैं। किन्तु सकाम कर्मों तथा वैदिक अनुष्ठानों द्वारा नियमित इन्द्रियतृप्ति के माध्यम से मनुष्य धीरे -धीरे कृष्णभावनामृत को प्राप्त होता है,अतः कृष्णभावनामृत में स्वरूपसिद्ध जीव को चाहिए कि अन्यों को अपना कार्य करने या समझने में वाधा न पहुँचाये,अपितु उन्हें यह प्रदर्शित करें कि किस प्रकार सारे कर्मफल को कृष्ण की सेवा में समर्पित किया जा सकता है। कृष्णभावनाभावित विद्वान् व्यक्ति इस तरह कार्य कर सकता है कि इन्द्रियतृप्ति के लिए कर्म करने वाले अज्ञानी पुरुष यह सीख लें कि किस तरह कार्य करना चाहिए और आचरण करना चाहिए। यद्धपि अज्ञानी पुरुष को उसके कार्यों में छेड़ना ठीक नहीं होता,परन्तु यदि वह रंचभर भी कृष्णभावनाभावित है तो यह वैदिक विधियों की परवाह न करते हुए सीधे भगवान् की सेवा में लग सकता है। ऐसे भाग्यशाली व्यक्ति को वैदिक अनुष्ठान करने की आवश्यकता नहीं रहती, क्योंकि प्रत्यक्ष कृष्णभावनामृत के द्वारा उसे वे सारे फल प्राप्त हो जाते हैं,जो उसे अपने कर्तव्यों के पालन करने से प्राप्त होते हैं। 

क्रमशः !!!🙏🙏           

मंगलवार, 25 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:25

🙏🙏 

सक्ताः कर्मण्यविद्वांसो यथा कुर्वन्ति भारत। 

कुर्याद्विद्वांस्तथासक्तश्रिच्कीर्षर्लोकसंग्रहम।।२५।।

सक्ताः-आसक्त; कर्मणि -नियत कर्मों में; अविद्वांसः -अज्ञानी; यथा - जिस तरह; कुर्वन्ति -करते हैं; भारत- हे भरतवंशी; कुर्यात -करना चाहिए; विद्वान् -विद्वान् ; तथा-उसी तरह; असक्त -अनासक्त; चिकीर्षुः -चाहते हुए भी,इच्छुक; लोकसंग्रहम -सामान्य जन। 

जिस प्रकार अज्ञानी -जन फल की आसक्ति से कार्य करते हैं,उसी तरह विद्वान् जनों को चाहिए कि वे लोगों को उचित पथ पर ले जाने के लिए अनासक्त रहकर कार्य करें। 

तात्पर्य :-एक कृष्णभावनाभावित मनुष्य तथा एक कृष्णभवनाहीन व्यक्ति में केवल इच्छाओं का भेद होता है। कृष्णभावनाभावित व्यक्ति कभी ऐसा कोई कार्य नहीं करता, जो कृष्णभावनामृत के विकास में सहायक न हो। यहाँ तक कि वह उस अज्ञानी पुरुष की तरह कर्म कर सकता है,जो भौतिक कार्यों में अत्यधिक आसक्त रहता है। किन्तु इनमे से एक ऐसे कार्य अपनी इन्द्रियतृप्ति के लिए करता है, जबकि दूसरा कृष्ण की तुष्टि के लिए। अतः कृष्णभावनाभावित व्यक्ति को चाहिए कि वह लोगों को यह प्रदर्शित करे कि किस तरह कर्मफलों को कृष्णभावनामृत कार्य में नियोजित किया जाता है। 

क्रमशः !!!🙏🙏       

रविवार, 23 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:24

🙏🙏

उत्सीदेयूरिमे लोका न कुर्या कर्म चेदहम। 

सङ्गरस्य च कर्ता स्यामुपहन्यामिमाः प्रजाः।।२४।।

उत्सीदेयुः -नष्ट हो जॉय; इमे -ये सब; लोकाः -लोक; न -नहीं; कुर्याम -करूँ; कर्म - नियत कार्य; चेत -यदि; अहम् -मैं; सङ्करस्य -अवांछित संतति का; च- तथा;  कर्ता-स्रष्टा; स्याम-होऊँगा; उपहन्याम -विनष्ट करूँगा; इमाः -इन सब; प्रजाः -जीवों को। 

यदि मैं नियतकर्म न करुँ तो ये सारे लोग नष्ट हो जायँ। तब मैं अवांछित जनसमुदाय (वर्णसंकर ) को उत्पन्न करने का कारण हो जाऊँगा और इस तरह सम्पूर्ण प्राणियों की शान्ति का विनाशक बनुँगा। 

तात्पर्य :- वर्णसंकर अवांछित जनसमुदाय है , जो सामान्य समाज की शांति को भंग करता है।  इस सामाजिक अशांति को रोकने के लिए अनेक विधि -विधान है, जिनके द्वारा स्वतः ही जनता आध्यात्मिकता प्रगति के लिए शांत तथा सुव्यवस्थित हो जाती है। जब भगवान कृष्ण अवतरित होते हैं तो स्वाभाविक है कि वे ऐसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रतिष्ठा तथा अनिवार्यता बनाये रखने के लिए इन विधि -विधानों के अनुसार आचरण करते हैं। भगवान् समस्त जीवों के पिता हैं और यदि ये जीव पथभ्र्स्ट हो जायँ तो अप्रत्यक्ष रूप में यह उत्तरदायित्व उन्हीं का है। अतः जब भी विधि-विधानों का अनादर होता है,तो भगवान् स्वयं समाज को सुधारने के लिए अवतरित होते हैं। किन्तु हमें ध्यान देना होगा कि यद्धपि हमें भगवान् के पदचिन्हों का अनुसरण करना है,तो भी हम उनका अनुकरण नहीं कर सकते। अनुसरण और अनुकरण एक से  नहीं होते। हम गोवर्धन पर्वत उठकर भगवान् का अनुकरण नहीं कर सकते,जैसा कि भगवान् ने अपने बाल्यकाल में किया था। ऐसा कर पाना किसी मनुष्य के लिए सम्भव नहीं। हमें उनके उपदेशों का पालन करना चाहिए, किन्तु किसी भी समय हमें उनका अनुकरण नहीं करना है। श्रीमदभागवत  में (१०. ३३. ३० -३१ ) इसकी पुष्टि की गई है -

नैतत्समाचरेज्जातु मनसापि ह्यनीश्वरः।

विनश्यत्याचारन मोढ्यादिथारुद्रोब्धिजं  विषम।।

                               ईश्वराणाम वचः सत्यं तथैवाचरितम  क्वचीत। 

                                    तेषां यात स्ववचोयुक्तं बुद्धिमांस्तत  समाचरेत।।  

"मनुष्य को भगवान् तथा उनके द्वारा शक्तिप्रदत्त सेवकों के उपदेशों का मात्र पालन करना चाहिए। उनके उपदेश हमारे लिए अच्छे हैं और कोई भी बुद्धिमान पुरुष बताई गई विधि से उनको कार्यान्वित करेगा। फिर भी मनुष्य को सावधान रहना चाहिए कि वह उनके कार्यों का अनुकरण करे। उसे शिवजी के अनुकरण में विष का समुद्र नहीं पी लेना चाहिए। "

हमें सदैव ईश्वरों की या सूर्य तथा चन्द्रमा की गतियों को वास्तव में नियंत्रित कर सकने वालों की स्थति को श्रेष्ठ मानना चाहिए। ऐसी शक्ति के बिना कोई भी सर्वशक्तिमान ईश्वरों का अनुकरण नहीं कर सकता। शिवजी ने सागर तक के विष का पान कर लिया,किन्तु यदि कोई सामान्य व्यक्ति विष की एक बूँद भी पीने का यत्न करेगा तो वह मर जायेगा। शिवजी के अनेक छद्मभक्त हैं, जो गांजा तथा ऐसी ही अन्य मादक वस्तुओं का सेवन करते रहते हैं। किन्तु वे यह भूल जाते हैं कि इस प्रकार शिवजी का अनुकरण करके वे अपनी मृत्यु को निकट बुला रहे हैं। इसी प्रकार भगवान् कृष्ण के भी अनेक छद्मभक्त हैं,जो भगवान् की रासलीला या प्रेमनृत्य का अनुकरण करना चाहते हैं,किन्तु यह भूल जाते हैं कि गोवर्धन पर्वत को धारण नहीं कर सकते। अतः सबसे अच्छा तो यही होगा कि लोग शक्तिमान का अनुकरण न करके केवल उनके उपदेशों का पालन करें। न ही बिना योग्यता के किसी को उनका स्थान ग्रहण करने का प्रयत्न करना चाहिए। ऐसे अनेक ईश्वर के "अवतार " हैं जिनमे भगवान् की शक्ति नहीं होती। 

क्रमशः!!!🙏🙏 

   


   

      

शुक्रवार, 21 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:23

 🙏🙏

यदि ह्यहं न वर्तेयं जातु कर्मण्यतन्द्रितः। 

मम वर्त्मानुवर्तन्ते मनुष्याः पार्थ सर्वशः।।२३।।

यदि -यदि; हि -निश्चय ही; अहम् -मैं; न -नहीं; वर्तेयम -इस प्रकार व्यस्त रहूं; जातु -कभी; कर्मणि-नियतं कर्मों के सम्पादन में; अतन्द्रितः-सावधानी के साथ; मम -मेरा; वर्त्म -पथ ; अनुवर्तन्ते -अनुगमन करेंगे; मनुष्याः -सारे मनुष्य; पार्थ -हे पृथापुत्र;सर्वशः -सभी प्रकार से। 

क्योंकि यदि मैं नियत कर्मों को सावधानीपूर्वक  न करूँ तो हे पार्थ ! यह निश्चित है कि सारे मनुष्य मेरे पथ का ही अनुगमन करेंगे। 

तात्पर्य :-आध्यत्मिक जीवन की उन्नति के लिए एवं सामाजिक शान्ति में संतुलन बनाये रखने के लिए कुछ परम्परागत कुलाचार हैं , जो प्रत्येक सभ्य व्यक्ति के लिए होते हैं। ऐसे विधि -विधान केवल बद्धजीवों के लिए हैं,भगवान् कृष्ण के लिए नहीं,क्योकि वे धर्म की स्थापना के लिए अवतरित हुए थे, अतः उन्होंने निर्दिष्ट नियमों का पालन किया। अन्यथा,सामान्य व्यक्ति भी उन्ही के पदचिन्हों का अनुसरण करते क्योंकि कृष्ण परम प्रमाण हैं। श्रीमद्भगवद्गीता से यह ज्ञात होता है कि श्रीकृष्ण अपने घर में तथा बाहर गृहस्थोचित धर्म का आचरण करते रहें। 

क्रमशः!!!🙏🙏                                                                                                                                                

गुरुवार, 20 मई 2021

Bhagavad Gita 3:22

 🙏🙏

न में पार्थास्ति कर्तव्यं त्रिषु लोकेषु किञ्चनः।  

नानमाप्तमवाप्तरव्यं वर्त एव च कर्माणि व च।।२२।।

न -नहीं; में -मुझे; पार्थ -हे पृथापुत्र; अस्ति - है; कर्त्व्यम -नियत कार्य; त्रिषु -तीनों; लोकेषु -लोकों में; किञ्चन -कोई; न -कुछ नहीं; अनवाप्तम -इच्छित; अवाप्तव्यम -पाने के लिए; वर्ते -लगा रहता हूँ; एव -निश्चय ही; च -भी; कर्मणि -नियत कर्मों में। 

हे पृथापुत्र !  तीनों लोकों में मेरे लिए कोई भी कर्म नियत नहीं है , न मुझे किसी वास्तु का अभाव है और न आवश्यकता ही है। तो भी मैं नियतकर्म करने में तत्पर रहता हूँ। 

तात्पर्य:- वैदिक साहित्य में भगवान् का वर्णन इस प्रकार हुआ है -

तमिश्राणां परमं महेस्वरं तं देवतानां परमं च दैवतंम। 

पतिं पतीनां परमं प्रस्ताद विदाम देवं भुवनेशमीड्यम।। 

न तस्य कार्यं कर्णम च विद्द्यते न तत्समश्रभ्यदिकश्च  दृश्यते। 

परास्य शक्तिर्विविधैव श्रूयते स्वाभाविकी ज्ञानबलक्रिया च।। 

"परमेस्वर समस्त नियंताओं के नियंता हैं और विभिन्न लोकपालकों  में सबसे महान हैं। सभी उनके अधीन हैं। सारे जीवों को परमेश्वर से ही विशिष्ट शक्ति प्राप्त होती है, जीव स्वयं श्रेष्ठ नहीं है। वे सभी देवताओं द्वारा पूज्य हैं और समस्त संचालकों के भी संचकलक हैं। अतः वे समस्त भौतिक नेताओं तथा नियंताओं से बढ़कर हैं और सबों द्वारा आराध्य हैं। उनसे बढ़कर कोई नहीं है औरवे  ही समस्त कारणों के कारण हैं। "

"उनका शारीरिक स्वरुप सामान्य जीव जैसा नहीं होता। उनके शरीर तथा आत्मा में कोई अन्तर नहीं है। वे परम हैं। उनकी सारी इन्द्रियां दिव्य हैं। उनकी कोई भी इन्द्रिय का अन्य किसी इन्द्रिय का कार्य संपन्न कर सकती है। अतः न तो कोई उनसे बढ़कर है,न ही उनके तुल्य है। उनकी शक्तियां बहुरूपिणी हैं, फलतः  उनके सारे कार्य प्राकृतिक अनुक्रम के अनुसार संपन्न हो जाते हैं। "(श्वेताश्वतर उपनिषद ६.७ -८ ) -

चूँकि भगवान् में प्रत्येक वस्तु ऐश्वर्य से परिपूर्ण रहती है और पूर्ण सत्य से ओतप्रोत रहती है,अतः उनके लिए कोई कर्तव्य करने की आवश्यकता नहीं रहती। जिसे अपने कर्म का फल पाना है,उसके लिए कुछ न कुछ कर्म नियत रहता है,परन्तु जो तीनो लोकों में कुछ भी प्राप्त करने की इच्छा नहीं रखता,उसके लिए निश्चय ही कोई कर्तव्य नहीं रहता फिर भी क्षत्रियों के नायक के रूप में भगवान् कृष्ण कुरुक्षेत्र की युद्ध भूमि में कार्यरत हैं,क्योंकि क्षत्रियों का धर्म है कि दीन -दुखियों को आश्रय प्रदान करें। यद्द्पि वे शास्त्रों के विधिविधानों से सर्वथा ऊपर हैं,फिर भी वे ऐसा कुछ भी नहीं करते जो शास्त्रों के विरुद्ध हो। 

क्रमशः !!! 🙏🙏     

रविवार, 16 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:21

 🙏🙏

यद्दाचरति श्रेष्ठ्स्तत्तदेवेतरो  जनः। 

स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते।।२१।।

यत यत -जो-जो; आचरति -करता है; श्रेष्ठ-आदरणीय नेता; तत -तथाकेवल वही; एव -निश्चय ही; इतरः -सामान्य; जनः -व्यक्ति; सः -वह; यत -जो कुछ; प्रमाणम-उदहारण,आदर्श; कुरुते -करता है; लोकः-सारा संसार; तत -उसके; अनुवर्तते -पदचिन्हों का अनुसरण करता है। 

महापुरुष जो जो आचरण करता है,सामान्य व्यक्ति उसी का अनुसरण करते है। वह अपने अनुसरणीय कार्यों से जो आदर्श प्रस्तुत करता है,सम्पूर्ण विश्व उसका अनुसरण करता है। 

तात्पर्य :- सामान्य लोगों को सदैव एक ऐसे नेता की आवश्यकता होती है, जो व्यावहारिक आचरण द्वारा जनता को शिक्षा दे सके। यदि नेता स्वयं धूम्रपान करता है तो वह जनता को धूम्रपान बंद करने की शिक्षा नहीं दे सकता। चैतन्य महाप्रभु ने कहा कि शिक्षा देने के पूर्व शिक्षक को ठीक-ठीक आचरण करना चाहिए। जो इस प्रकार शिक्षा देता है वह आचार्य  आदर्श शिक्षक कहलाता है। अतः शिक्षक को चाहिए कि सामान्यजन को शिक्षा देने के लिए स्वयं शास्त्रीय सिद्धांतो का पालन करे। कोई भी शिक्षक प्राचीन प्रमाणिक ग्रंथों के नियमों के विपरीत कोई नियम नहीं बना सकता। मनु संहिता जैसे प्रमाणिक ग्रन्थ मानव समाज के लिए अनुसरणीय आदर्श ग्रन्थ हैं, अतः नेता का उपदेश ऐसे आदर्श शास्त्रों के नियम पर आधारित होना चाहिए। जो व्यक्ति अपनी उन्नति चाहता है उसे महान शिक्षकों द्वारा अभ्यास किये जाने वाले आदर्श नियमों का पालन करना चाहिए। श्रीमद्भागवत भी इसकी पुष्टि करता है कि मनुष्य को महान भक्तों के पदचिन्हों  अनुसरण करना चाहिए और आध्यात्मिक बोध के पथ में प्रगति का यही साधन है। चाहे राजा हो या राज्य का प्रशासनिक अधिकारी,चाहे पिता हो या शिक्षक -ये सब अबोध जनता के स्वाभाविक नेता माने जाते हैं। इन सबका अपने आश्रितों के प्रति महान उत्तरदायित्व रहता है, अतः इन्हे नैतिक तथा आध्यात्मिक संहिता सम्बन्धी आदर्श ग्रंथों से सुपरिचित होना चाहिए। 

क्रमशः !!!🙏🙏     

शनिवार, 15 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:19

🙏🙏

 तस्मादसक्तः सततं कार्य कर्म समाचार। 

असक्तो ह्याचरन्कर्म परमाप्नोति पुरुषः।।१९।।

तस्मात् -अतः, असक्तः -आसक्तिरहित; सततम -निरंतर; कार्यम -कर्तव्य के रूप में; कर्म -कार्य; समाचार -करो; असक्त -अनासक्त; हि -निश्चय ही; आचरन -करते हुए; कर्म -कार्य; परम -परब्रह्म को; आप्नोती -प्राप्त करता है; पुरुषः -पुरुष,मनुष्य। 

अतः कर्मफल में आसक्त हुए बिना मनुष्य को अपना कर्तव्य समझ कर निरन्तर कर्म करते रहना चाहिए क्योंकि अनासक्त होकर कर्म करने से उसे परब्रह्म ( परम ) की प्राप्ति होती है। 

तात्पर्य :- भक्तों के लिए श्रीभगवान परम हैं और निर्विशेषवादियों के लिए मुक्ति परम है। अतः जो व्यक्ति समुचित पथ प्रदर्शन पाकर और कर्मफल से अनासक्त होकर कृष्ण के लिए कृष्णभावनामृत में कार्य करता है,वह निश्चित रूप से जीवन -लक्ष्य की ओर प्रगति करता है। अर्जुन से कहा जा रहा है कि वह कृष्ण के लिए कुरुक्षेत्र के युद्ध में लड़े क्योंकि कृष्ण की इच्छा है कि वह ऐसा करे। उत्तम व्यक्ति होना या अहिंसक होना व्यक्तिगत आसक्ति है, किन्तु फल की आसक्ति से रहित होकर कार्य करना परमात्मा के लिए कार्य करना है। यह उच्चतम कोटि का पूर्ण कर्म है,जिसकी  संस्तुति भगवान् ने की है। 

नियत यज्ञ, जैसे वैदिक अनुष्ठान, उन पापकर्मो की शुद्धि के लिए जाते हैं, जो इन्द्रियतृप्ति के उद्देश्य से किये गए हों। किन्तु कृष्णभावनामृत में जो कर्म किया जाता है  वह अच्छे या बुरे कर्मों के फलों से परे है। कृष्णभावनाभावित व्यक्ति में फल के प्रति लेशमात्र आसक्ति नहीं रहती, वह तो केवल कृष्ण के लिए कार्य करता है। वह समस्त प्रकार के कर्मों में रत रहकर भी पूर्णतया अनासक्त रहा आता है। 

क्रमशः !!!🙏🙏     

शुक्रवार, 14 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:20

🙏🙏 

कर्मणैव हि संसिद्धिमास्थिता जनकादयः। 

लोकसंग्रहमेवापि सम्पश्यन्कर्तुमर्हसि।।२०।।

कर्मणा -कर्म से; एव -ही; हि -निश्चय ही; संसिद्धिम -पूर्णता में; आस्थिता -स्थित; जनक -आदयः -जनक तथा अन्य राजा; लोक-संग्रहम -सामान्य लोग; एव अपि -भी; सम्पश्यन -विचार करते हुए; कर्तुम -करने के लिए;अर्हसि -योग्य हो। 

जनक जैसे राजाओं ने केवल नियत कर्मों को करने से ही सिद्धि प्राप्त की। अतः सामान्य जनों को शिक्षित करने की दृष्टि से तुम्हें कर्म करना चाहिए। 

तात्पर्य :- जनक जैसे राजा स्वरूपसिद्धि व्यक्ति थे,अतः वे वेदानुमोदित कर्म करने के लिए बाध्य न थे। तो भी वे लोग सामान्यजनों के समक्ष आदर्श प्रस्तुत करने के उद्देश्य से सारे नियत कर्म करते रहे। जनक सीताजी के पिता तथा भगवान श्रीराम के श्वसुर थे। भगवान् के महान भक्त होने  के कारण उनकी स्थिति दिव्य थी, किन्तु चूँकि वे मिथिला (जो भारत के बिहार प्रान्त में एक परगना है ) के राजा थे।  अतः उन्हें अपनी प्रजा को यह शिक्षा देनी थी कि कर्तव्य -पालन किस किया जाता है। भगवान् कृष्ण तथा उनके शाश्वत सखा अर्जुन को कुरुक्षेत्र के युद्ध में लड़ने की कोई आवश्यकता नहीं थी, किन्तु उन्होंने जनता को यह सिखाने के लिए युद्ध किया कि जब सत्परामर्श असफल हो जाते हैं  तो ऐसी स्थिति में हिंसा आवश्यक हो जाती है। कुरुक्षेत्र युद्ध के पूर्व युद्ध - निवारण के लिए भगवान् तक ने सारे प्रयास किये, किन्तु दूसरा पक्ष लड़ने पर तुला था। अतः ऐसे सद्धर्म के लिए युद्ध करना आवश्यक था। यद्द्पि कृष्णभावनाभावित व्यक्ति को संसार में कोई रूचि नहीं हो सकती तो भी वह जनता को यह सिखाने के लिए कि किस तरह रहना और कार्य करना चाहिए,कर्म रहता है। कृष्णभावनामृत में अनुभवी व्यक्ति इस तरह कार्य करते हैं कि अन्य लोग उनका अनुसरण कर सके और इसकी व्याख्या अगले श्लोक में की गयी है। 

क्रमशः !!!  🙏🙏   

गुरुवार, 13 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:18

 🙏🙏

नैव तस्य कृतेनार्थो नाकृतेनेह कश्चन। 

न चास्य सर्वभूतेषु कश्चिदर्थव्यपाश्रयः।।१८।।

न -कभी नहीं; एव -निश्चय ही; तस्य-उसका; कृतेन -कार्य सम्पादन से; अर्थ -प्र्योजन; न -न तो; आकृतेन -कार्य न करने से; इह -इस संसार में; कश्चन -जो कुछ भी; न -कभी नहीं ; च -तथा; अस्य -उसका; सर्व-भूतेषु -समस्त जीवों में; कश्चित् -कोई; अर्थ-प्र्योजन; व्यपाश्रय -शरणागत। 

स्वरूपसिद्ध व्यक्ति के लिए न तो अपने नियत कर्मों को करने की आवश्यकता रह जाती है, न ऐसा कर्म न करने का कोई कारण ही रहता है। उसे किसी अन्य जीव पर निर्भर रहने की आवश्यकता भी नहीं रह जाती। 

तात्पर्य :-स्वरूपसिद्ध व्यक्ति को कृष्णभावनाभावित कर्म के अतिरिक्त कुछ भी करना नहीं होता। किन्तु यह कृष्णभावनामृत निष्क्रियता भी नहीं है, जैसा कि अगले श्लोकों में बताया जायेगा। कृष्णभावनाभावित व्यक्ति किसी की शरण ग्रहण नहीं करता -चाहे वह मनुष्य हो या देवता। कृष्णभावनामृत में वह जो भी करता है वही उसके कर्तव्य -सम्पादन के लिए पर्याप्त है। 

क्रमशः !!!🙏🙏    

मंगलवार, 11 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:17

 🙏🙏

यस्त्वात्मरतिरेव स्यादात्मतृप्तप्तश्च मानवः। 

आत्मन्येव च सन्तुष्टस्तस्य कार्य न विद्द्ते।।१७।।

यः -जो; तु -लेकिन; आत्म -रति-आत्मा में ही आनंद लेते हुए; एव -निश्चय ही; स्यात -रहता है; आत्म-तृप्तः -स्वयं प्रकाशित; च -तथा; मानवः- मनुष्य; आत्मनि-अपने में; एव -केवल; च -तथा; संतुष्टः -पूर्णतया संतुष्ट ; तस्य -उसका; कार्यम-कर्तव्य; न -नहीं; विद्द्ते -रहता है। 

किन्तु जो व्यक्ति आत्मा में ही आनन्द लेता है तथा जिसका जीवन आत्म-साक्षात्कार युक्त है और जो अपने में ही पूर्णतया संतुष्ट रहता है उसके लिए कुछ करणीय (कर्तव्य ) नहीं होता। 

तात्पर्य :-जो व्यक्ति पूर्णतया कृष्णभावनाभावित है और अपने कृष्णभावनामृत के कार्यों से पूर्णतया संतुष्ट रहता है उसे कुछ भी नियत कर्म नहीं करना होता। कृष्णभावनाभावित होने के कारण उसके ह्रदय का सारा मैल तुरंत धूल जाता है,जो हजारों -हजारों यज्ञों को संपन्न करने पर ही सम्भव हो पाता है।इस प्रकार चेतना के शुद्ध होने से मनुष्य परमेश्वर के साथ अपने सम्बन्ध के प्रति पूर्णतया आश्वस्थ हो जाता है। भगवद्कृपा से उसका कार्य स्वयं प्रकाशित हो जाता है ;अतएव वैदिक आदेशों के प्रति उसका कर्तव्य निःशेष हो जाता है। ऐसा कृष्णभावनाभावित व्यक्ति कभी भी भौतिक कार्यों में रूचि नहीं लेता और न ही उसे सुरा,सुन्दरी तथा अन्य प्रलोभनों में कोई आनंद मिलता है। 

क्रमशः !!!🙏🙏  

सोमवार, 10 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:16

🙏🙏 

 एवं प्रवर्तितं चक्रं नानुवर्तयतीह यः। 

अघायुरिन्द्रियारामो मोघं पार्थ स जीवति।।१६।।

एवम-इस प्रकार; प्रवर्तितं -वेदों द्वारा स्थापित; चक्रम -चक्र; न -नहीं;अनुवर्तयती -ग्रहण करता; इह -इस जीवन में; यः -जो; अघ -आयु -पापपूर्ण जीवन है जिसका; इन्द्रिय-आरामः इन्द्रियासक्त; मोघम -वृथा; पार्थ -हे पृथापुत्र (अर्जुन ) सः- वह; जीवति -जीवित रहता है। 

हे प्रिय अर्जुन ! जो मानव जीवन में इस प्रकार वेदों द्वारा स्थापित यज्ञ-चक्र का पालन नहीं करता वह निश्चय ही पापमय जीवन व्यतीत करता है। ऐसा व्यक्ति केवल इन्द्रियों की तुष्टि के लिए व्यर्थ ही जीवित रहता है। 

तात्पर्य :-इस श्लोक में भगवान् ने " कठोर  परिश्रम करो और इन्द्रियतृप्ति का आनन्द लो " इस सांसारिक विचार धारा का तिरस्कार किया है। अतः जो लोग इस संसार में भोग करना चाहते हैं उन्हें उपर्युक्त यज्ञ -चक्र का अनुसरण करना परमावश्यक है। जो ऐसे विधिविधानों का पालन नहीं करता,अधिकाधिक तिरस्कृत होने के कारण उसका जीवन अत्यंत संकटपूर्ण रहता है। प्रकृति के नियमानुसार यह मानव शरीर विशेष रूप से आत्म -साक्षात्कार के लिए मिला है,जिसे कर्म योग,ज्ञानयोग,या भक्तियोग में से किसी एक विधि से प्राप्त किया जा सकता है। इन योगियों के लिए यज्ञ संपन्न करने की कोई आवश्यकता नहीं रहती क्योंकि ये पाप-पुण्य से परे होते हैं,किन्तु जो लोग इन्द्रियतृप्ति में जुटे हुए हैं उन्हें पूर्वोक्त यज्ञ -चक्र के द्वारा शुद्धिकरण की आवश्यकता रहती है। कर्म के अनेक भेद होते हैं। जो लोग कृष्णभावनाभावित नहीं है वे निश्चय ही विषय -परायण होते हैं,अतः उन्हें पुण्य कर्म करने की आवश्यकता होती है। यज्ञ पद्धति इस प्रकार सुनियोजित है कि विषयोन्मुख लोग विषयों के फल में फंसे बिना अपनी इच्छाओं की पूर्ति कर सकते हैं। संसार की सम्पन्नता हमारे प्रयासों पर नहीं,अपितु परमेश्वर की पृष्ठभूमि -योजना पर निर्भर है,जिसे देवता सम्पादित करते हैं। अतः वेदों में वर्णित देवताओं को लक्षित करके यज्ञ किये जाते हैं। अप्रत्यक्ष रूप में यह कृष्णभावनामृत का ही अभ्यास रहता है क्योंकि जब कोई इन यज्ञों में दक्षता प्राप्त कर लेता है तो वह अवश्य ही कृष्णभावनाभावित हो जाता है। किन्तु यदि ऐसे यज्ञ करने से कोई कृष्णभावनाभावित नहीं हो पाता तो इसे कोरी -आचार संहिता समझना चाहिए। अतः मनुष्यों को चाहिए कि वे आचार संहिता तक ही अपनी प्रगति को को सीमित न करें, अपितु उसे पार करके कृष्णभावनामृत को प्राप्त हों। 

क्रमशः :-!!!🙏🙏       

शनिवार, 8 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:15

 🙏🙏

कर्म ब्रह्मोद्भवं विद्धि ब्रह्माक्षरसमुद्भवम। 

तस्मातसर्वगतं ब्रह्म नित्यं यज्ञे प्रतिष्ठितम।।१५।।

 कर्म-कर्म; ब्रह्म -वेदों से; उद्भवम -उत्पन्न; विद्धि -जानो; ब्रह्म -वेद; अक्षर -परब्रह्म से; समुद्भवम-साक्षात प्रकट हुआ; तस्मात् -अतः; सर्व -गतम -सर्व व्यापी; ब्रह्म -ब्रह्म; नित्यम-शास्वत रूप से; यज्ञे -यज्ञ में; प्रतिष्ठम-स्थित। 

वेदों में नियमित कर्मों का विधान है और ये वेद साक्षात श्री भगवान् ( परब्रह्म ) से प्रकट हुए हैं। फलतः सर्वव्यापी ब्रह्म यज्ञकर्मों में सदा स्थित रहता है। 

तात्पर्य :-इन श्लोक में यज्ञार्थ-कर्म अर्थात कृष्ण को प्रसन्न करने के लिए कर्म की आवश्यकता को भलीभांति विवेचित किया गया है। यदि हमें यह यज्ञ -पुरुष विष्णु के परितोष के लिए कर्म करना है तो हमें ब्रह्म या दिव्य वेदों से कर्म की दिशा प्राप्त करनी होगी। अतः सारे वेद कर्मादेशों की सहिंताएँ हैं। वेदों के निर्देश के बिना किया गया कोई भी कर्म विकर्म या अवैध अथवा पापपूर्ण कर्म कहलाता है। अतः कर्मफल से बचने के लिए  सदैव वेदों से निर्देश प्राप्त करना चाहिए। जिस प्रकार सामान्य जीवन में राज्य के निर्देश के अंतर्गत कार्य करना होता है उसी प्रकार भगवान् के परम राज्य के निर्देशन में कार्य करना चाहिए। वेदों में ऐसे निर्देश भगवान् के श्वास से प्रत्यक्ष प्रकट होते हैं। कहा गया है -अस्य महतो भूतस्य निश्वसितम एतद यद्ऋग्वेदो यजुर्वेदः सामवेदोथर्वांगिरसः  " चारो वेद -ऋग्वेद ,यजुर्वेद ,सामवेद तथा अथर्ववेद-भगवान् के श्वास से उद्भूत हैं।" (वृहदारण्यक उपनिषद ४.५. ११) ब्रह्मसंहिता से प्रमाणित होता है कि सर्वशक्तिमान होने के कारण भगवान् अपने श्वास के द्वारा बोल सकते हैं,अपनी प्रत्येक इन्द्रिय के द्वारा अन्य समस्त इन्द्रियों के कार्य संपन्न कर सकते हैं,दूसरे शब्दों में, भगवान् निःस्वास के द्वारा बोल सकते हैं और वे अपने नेत्रों से गर्भाधान कर सकते हैं। वस्तुतः यह कहा जाता है की उन्होंने प्रकृति पर दृष्टिपात किया और समस्त जीवों को गर्भस्थ किया। इस तरह प्रकृति के  गर्भ में बद्धजीवों प्रविष्ट करने के पश्चात उन्होंने उन्हें वैदिक ज्ञान के रूप में आदेश दिया,जिससे वे भगवद्धाम वापस जा सकें। हमें यह सदैव स्मरण रखना चाहिए कि प्रकृति में सारे बद्धजीव भौतिक भोग के लिए इच्छुक रहते हैं। किंतु वैदिक आदेश इस प्रकार बनाये गए हैं कि मनुष्य अपनी विकृत इच्छाओं की पूर्ति कर सकता है और तथाकथित सुखभोग पूरा करके भगवान् के पास लौट सकता है। बद्धजीवों के लिए मुक्ति प्राप्त करने का सुनहरा अवसर होता है,अतः उन्हें चाहिए कि कृष्णभावनाभावित होकर यज्ञ -विधि का पालन करें। यहाँ तक कि जो वैदिक आदेशों का पालन नहीं करते वे भी कृष्णभावनामृत के सिद्धांतों को ग्रहण कर सकते हैं जिससे वैदिक यज्ञों या कर्मों की पुर्ति हो जाएगी। क्रमशः !!!  🙏🙏     

शुक्रवार, 7 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:14

 🙏🙏

अन्नाद्भवन्ति भूतानि पर्जन्यादन्नसम्भवः 

यज्ञाद्भवति पर्जन्यों यज्ञः कर्मसमुद्भवः 

अन्नात -अन्न से; भवन्ति -उत्पन्न होते हैं; भूतानि -भौतिक शरीर;पर्जन्यात -वर्षों से; अन्न -अन्न का; सम्भव -उत्पादन; यज्ञात -यज्ञ संपन्न करने से ; भवति -सम्भव होती है; पर्जन्यः -वर्षा; यज्ञः -यज्ञ का संपन्न होना: कर्म -नियत कर्तव्य से;समुद्भव -उत्पन्न होता है। 

सारे प्राणी अन्न पर आश्रित हैं, जो वर्षा से उत्तपन होता है। वर्षा यज्ञ सम्पन्न करने से होती है और यज्ञ नियत कर्मो से उत्पन होता है। 

तात्पर्य : भगवतगीता के महान टीकाकार श्रील बलदेव विद्याभूषण इस प्रकार लिखते है :-ये  इन्द्राद्यङ्गतयावस्थितम यज्ञम सर्वेश्र्वरम विष्णुमभ्याचर्य तच्छेषमशनंति तेन तदेहयात्राम  सम्पादयन्ति ते संतः सर्वेश्वरस्य भक्ताः सर्बकिलबिषैर ,अनादिकालविवरधैर  आत्मानुभवप्रतिबन्धकैरनिखिलैः पापैर्विमुच्यते। 

परमेश्वर,जो यज्ञपुरुष अथवा समस्त यज्ञों के भोक्ता कहलाते हैं, सभी देवताओं के स्वामी हैं और जिस प्रकार शरीर के अंग  पूरे शरीर की सेवा करते हैं, उसी तरह सारे देवता उनकी सेवा करते हैं। इंद्र,चंद्र तथा वरुण जैसे देवता भगवान् द्वारा नियुक्त अधिकारी हैं,जो सांसारिक कार्यों की देखरेख करते हैं। सारे वेद इन देवताओं को प्रसन्न करने के लिए यज्ञों का निर्देश करते हैं.जिससे वे अन्न उत्पादन के लिए प्रचुर वायु, प्रकाश तथा जल प्रदान करें। जब कृष्ण की पूजा की जाती है तो उनके अंगस्वरूप देवताओं की भी स्वतः पूजा हो जाती है , अतः  देवताओं की अलग से पूजा करने की आवश्यकता नहीं होती। इसी हेतु कृष्णभावनाभावित भगवद्भक्त सर्प्रथम कृष्ण को भोजन अर्पित करते हैं और तब खाते हैं -यह ऐसी विधि है जिससे शरीर का आध्यात्मिक पोषण होता है। ऐसा करने से न केवल शरीर के विगत पापमय कर्मफल नष्ट होते हैं,अपितु शरीर प्रकृति के समस्त कल्मषों से निरापद हो जाता है। जब कोई छूत का रोग फैलता है तो इसके आक्रमण से बचने के लिए रोगाणुरोधी टीका लगाया जाता है। इसी प्रकार भगवान् विष्णु को अर्पित करके ग्रहण किया जाने वाला भोजन हमें भौतिक संदूषण से निरापद बनाता है और जो इस विधि का अभ्यस्त है वह भगवद्भक्त कहलाता है। अतः कृष्णभावनाभावित व्यक्ति,जो केवल कृष्ण को अर्पित किया गया भोजन करता है, वह उन समस्त विगत भौतिक दूषणो के फलों का कामना करने में समर्थ होता है, जो आत्म -साक्षात्कार के मार्ग में बाधक बनते है। इसके विपरीत जो ऐसा नहीं करता वह अपने पापपूर्ण कर्म को बढ़ाता रहता है जिससे उसे सारे पापफलों को भोगने के लिए अगला शरीर कुकरों -सूकरों के समान मिलता है। यह भौतिक जगत नाना कल्मषों पूर्ण है और जो भी भगवान् के प्रसाद को ग्रहण करके उनसे निरापद हो लेता है वह उनके आक्रमण से बच जाता है,किन्तु जो ऐसा नहीं करता वह कल्मष का लक्ष्य बनता है। 

अन्न अथवा शाक वास्तव में खाद्य हैं। मनुष्य विभिन्न प्रकार के अन्न,शाक फल आदि खाते हैं, जबकि पशु इन पदार्थों के उच्छिष्ट को खाते हैं। जो मनुष्य मांस खाने के अभ्यस्त हैं,उन्हें भी शाक के उत्पादन पर निर्भर रहना पड़ता है,क्योकि पशु शाक ही खाते  हैं अतएव हमें अन्ततोगत्वा खेतों के उत्पादन पर ही आश्रित रहना है, बड़ी -बड़ी फैक्ट्रियों के उत्पादन पर नहीं। खेतों का यह उत्पादन आकाश से होने वाली प्रचुर वर्षा पर निर्भर करता है और ऐसी वर्षा इंद्र,सूर्य,चंद्र आदि देवताओं के द्वारा नियंत्रित होती है। ये देवता भगवान् के दास हैं। भगवान् को यज्ञों के द्वारा संतुष्ट रखा जा सकता है, अतः जो इन यज्ञों को संपन्न नहीं करता, उसे अभाव का सामना करना होगा -यही प्रकृति का नियम है। अतः भोजन के आभाव से बचने के लिए यज्ञ,और विशेष रूप से इस युग के लिए संस्तुत संकीर्तन यज्ञ, संपन्न करना चाहिए। 

क्रमशः !!!🙏🙏    

गुरुवार, 6 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:13

 🙏🙏

यज्ञशिष्टाशिनः सन्तो मुच्यन्ते सर्वकिल्बिषैः। 

भुञ्जते ते त्वघं पापा ये पचन्त्यात्मकारणात।।१३।।

यज्ञ-शिष्ट -यज्ञ संपन्न करने के बाद ग्रहण किये जाने वाले भोजन को; अशीनः - खाने वाले; संतः-भक्तगण; मुच्यन्ते-छुटकारा पाते हैं; सर्व -सभी तरह के; किल्बिषैः -पापों से; भुञ्जयते -भोगते हैं; ते -वे; तु-लेकिन; अघम-घोर पाप; पापाः -पापीजन; ये -जो; पचन्ति -भोजन बनाते हैं; आत्म-कारणात -इन्द्रियसुख के लिए। 

भगवान् के भक्त सभी प्रकार के पापों से मुक्त हो जाते हैं,क्योंकि वे यज्ञ में अर्पित किये भोजन (प्रसाद ) को ही खाते हैं। अन्य लोग,जो अपने इन्द्रियसुख  के लिए भोजन बनाते हैं,वे निश्चित रूप से पाप खाते हैं।

तात्पर्य :-भगवद्भक्तों या कृष्णभावनाभावित पुरुषों को सन्त कहा जाता है। वे सदैव भगवत्प्रेम में निमग्न रहते हैं,जैसा कि ब्रह्मसंहिता में (५,३८ ) कहा गया है - प्रेमानञ्जनच्छुरितभक्तिविलोचनेंन  संतः सदैव हृदयेषु विलोकयन्ति। संतगण  श्री भगवान् गोविन्द ( समस्त आनन्द के दाता ), या मुकुंद (मुक्ति के दाता ) या कृष्ण ( सबों को आकृष्ट करने वाले पुरुष ) के प्रगाढ़ प्रेम में मग्न रहने के कारण कोई भी वस्तु परम पुरुष को अर्पित किये बिना ग्रहण नहीं करते। फलतः ऐसे भक्त पृथक -पृथक भक्ति -साधनों के द्वारा, यथा श्रवण, कीर्तन, स्मरण, अर्चन आदि के द्वारा यज्ञ करते रहते हैं, जिससे वे संसार की सम्पूर्ण पापमयी संगति के कल्मष से दूर रहते हैं। अन्य लोग, जो अपने लिए या इन्द्रियतृप्ति के लिए भोजन बनाते हैं वे न केवल चोर हैं, अपितु सभी प्रकार के पापों को खाने वाले हैं। जो व्यक्ति चोर तथा पापी दोनों हो, भला वह किस तरह सुखी रह सकता है ? यह सम्भव नहीं।  अतः सभी प्रकार से सुखी रहने के लिए मनुष्यों को पूर्ण कृष्णभावनामृत में संकीर्तन -यज्ञ करने की सरल विधि बताई जानी चाहिए , अन्यथा संसार में शान्ति या सुख नहीं हो सकता। 

क्रमशः !!!🙏🙏

बुधवार, 5 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:12

🙏🙏 

इष्टान्भोगान्हि वो देवा दास्यन्ते यज्ञभाविताः। 

तैर्दत्तानप्रदायैभ्यो यो भुङ्गे स्तेन एव सः।। १२।। 

इष्टान-वांछित; भोगान -जीवन की आवश्यकताएं; हि -निश्चय ही; वः -तुम्हें; देवा -देवतागण; दास्यन्ते -प्रदान करेंगे; यज्ञ-भाविताः यज्ञ संपन्न करने से प्रसन्न होकर; तैः -  उनके द्वारा; दत्तान-प्रदत्त वस्तुएं; अप्रदाय-बिना भेंट किये; एभ्यः - देवताओं को; यः-जो; भुङ्गे -भोग करता है; स्तेन -चोर; एव -निश्चय ही; सः -वह।

जीवन की विभिन्न आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाले विभिन्न देवता यज्ञ संपन्न होने पर प्रसन्न होकर तुम्हारी सारी आवश्यकताओं की पूर्ति करेंगे। किन्तु जो इन उपहारों को देवताओं को अर्पित किये बिना भोगता है, वह निश्चित रूप से चोर है। 

तात्पर्य :-देवतागण भगवान् विष्णु द्वारा भोग -सामग्री प्रदान करने के लिए अधिकृत किये गए हैं। अतः नियत यज्ञों द्वारा उन्हें अवश्य संतुष्ट करना चाहिए। वेदों में विभिन्न देवताओं के लिए भिन्न -भिन्न प्रकार के  यज्ञों की संस्तुति है , किन्तु वे सब अन्ततः भगवान् को ही अर्पित किये जाते हैं किन्तु जो यह नहीं समझ सकता कि भगवान् क्या है,उसके लिए देवयज्ञ विधान है। अनुष्ठानकर्त्ता  भौतिक गुणों के अनुसार वेदों में विभिन्न प्रकार के यज्ञों का विधान है। विभिन्न देवताओं की पूजा भी उसी आधार पर अर्थात गुणों के अनुसार की जाती है। उदाहरणार्थ, मांसाहारियों को देवी काली की पूजा करने के लिए कहा जाता है, जो भौतिक प्रकृति की घोर रूपा हैं और देवी के समक्ष पशुबलि का आदेश है। किन्तु जो सतोगुणी हैं, उनके लिए विष्णु की दिव्य पूजा बताई जाती है। अन्ततः समस्त यज्ञों का ध्येय उत्तरोत्तर दिव्य पद प्राप्त करना है। सामान्य व्यक्तियों के लिए कम से कम पांच यज्ञ आवश्यक हैं, जिन्हे पञ्चमहायज्ञ कहते हैं। 

किन्तु मनुष्य को यह जानना चाहिए कि जीवन की सारी आवश्यकताएं भगवान् के देवता प्रतिनिधियों द्वारा ही पूरी की जाती है। कोई कुछ बना नहीं सकता। उदाहरणार्थ, मानव समाज के भोज्य पदार्थों को लें। इन भोज्य पदार्थों में शाकाहारियों के लिए अन्न,फल , शाक, दूध , चीनी , आदि हैं तथा मांसाहारियों के लिए मांसादि,जिनमे से कोई भी पदार्थ मनुष्य नहीं  सकता। एक और उदहारण लें -यथा ऊष्मा प्रकाश, जल, वायु अदि जो जीवन के लिए आवश्यक है,इनमे से किसी को भी बनाया नहीं जा सकता। परमेश्वर के बिना न तो प्रचुर प्रकाश मिल सकता है, न चांदनी, वर्षा, या प्रातःकालीन समीर ही,जिनके बिना मनुष्य जीवित नहीं रह सकता। स्पष्ट है कि हमारा जीवन भगवान् द्वारा प्रदत्त वस्तुओं पर आश्रित है। यहाँ तक कि हमें अपने उत्पादन-उद्द्मो के लिए अनेक कच्चे मालों की आवश्यकता होती है यथा धातु, गंधक , पारद ,मैंगनीज तथा अन्य अनेक आवश्यक वस्तुएं, जिनकी पूर्ति भगवान् के प्रतिनिधि इस उद्देश्य से करते हैं कि हम इनका समुचित उपयोग करके आत्म-साक्षात्कार के लिए अपने आपको स्वस्थ एवं पुष्ट बनायें,जिससे जीवन का चरम लक्ष्य अर्थात भौतिक जीवन -संघर्ष से मुक्ति प्राप्त हो सके। यज्ञ संपन्न करने से मानव जीवन का यह लक्ष्य प्राप्त हो जाता है। यदि हम जीवन उद्देश्य को भूल कर भगवान् के प्रतिनिधियों से अपनी इन्द्रियतृप्ति के लिए वस्तुएं लेते रहेंगे और इस संसार में अधिकाधिक फंसते जाएंगे, जो कि सृष्टि का उद्देश्य नहीं है तो निश्चय ही हम चोर हैं और इस तरह हम प्रकृति के नियमों द्वारा दण्डित होंगे। चोरों का समाज कभी सुखी नहीं रह सकता क्योंकि उनका कोई जीवन लक्ष्य नहीं होता। उन्हें तो केवल इन्द्रियतृप्ति की चिंता रहती है, वे नहीं जानते कि यज्ञ किस तरह किये जाते हैं। किन्तु चैतन्य महाप्रभु ने यज्ञ संपन्न करने की सरलतम विधि का प्रवर्तन किया। यह है कि संकीर्तन यज्ञ जो संसार के किसी भी व्यक्ति द्वारा, जो कृष्ण भावनामृत के सिद्धांतो को अंगीकार करता है,संपन्न किया जा सकता है। 🙏🙏

क्रमशः !!! 

      

  

मंगलवार, 4 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:11

🙏🙏

देवान्भावयतानेन ते देवा भावयन्तु वः। 

       परस्परं भावयन्तः श्रेयः परमवाप्स्यथ।।११।।

देवान -देवताओं को; भावयता -प्रसन्न करके; अनेन -इस यज्ञ से; ते -वे; देवाः -देवता; भावयन्तु -प्रसन्न करेंगे; वः -तुमको; परस्परम-आपस में; भावयन्तः -एक दूसरे को प्रसन्न करते हुए; श्रेयः -वर, मंगल; परम-परम; अवाप्स्यथ -तुम प्राप्त करोगे। 

यज्ञों के द्वारा प्रसन्न होकर देवता तुम्हें भी प्रसन्न करेंगे और इस तरह मनुष्यों तथा देवताओं के मध्य सहयोग से सबों को सम्पन्नता प्राप्त होगी। 

तात्पर्य :-  देवतागण सांसारिक कार्यों के लिए अधिकारप्राप्त प्रशासक हैं। प्रत्येक जीव द्वारा शरीर धारण करने के लिए आवश्यक वायु,प्रकाश,जल तथा अन्य सारे वर उन देवताओं के अधिकार में हैं, जो भगवान् के शरीर के विभिन्न भागों में असंख्य सहायकों के रूप में स्थित है। उनकी प्रसन्नता तथा अप्रसन्नता मनुष्यो द्वारा यज्ञ की सम्पन्नता पर निर्भर है। कुछ यज्ञ किन्हीं विशेष देवताओं को प्रसन्न करने के लिए होते हैं,किन्तु तो भी सारे यज्ञों में भगवान् विष्णु को प्रमुख भोक्ता की भांति पूजा जाता है। भगवदगीता में यह भी कहा गया है कि भगवान् कृष्ण स्वयं सभी प्रकार के यज्ञों के भोक्ता हैं-भोक्तारं यज्ञतपसाम।अतः समस्त यज्ञों का मुख्य प्रयोजन यज्ञपति को प्रसन्न करना है। जब ये यज्ञ सुचारु रूप से सम्पन्न किये जाते हैं, तो विभिन्न विभागों के अधिकारी देवता प्रसन्न होते हैं और प्राकृतिक पदार्थों का आभाव  नहीं रहता। 

यज्ञों को संपन्न करने से अन्य लाभ होते हैं,जिनसे अन्ततः भवबन्धन से मुक्ति मिल जाती है। यज्ञ से सारे कर्म पवित्र हो जाते हैं, जैसा कि वेदवचन है -   आहारशुद्धौ सत्वशुद्धौ ध्रुवा स्मृतिः स्मृतिलम्भे सर्वग्रंन्थीनां विप्रमोक्षः।  यज्ञ से मनुष्य के खाद्यपदार्थ शुद्ध होते हैं और शुद्ध भोजन करने से मनुष्य जीवन शुद्ध हो जाता है,जीवन शुद्ध होने से स्मृति के सूक्ष्म -तन्तु शुद्ध होते हैं और स्मृति -तन्तुओं के शुद्ध होने पर मनुष्य मुक्तिमार्ग का चिन्तन कर सकता है और ये सब मिलकर कृष्णभावनामृत तक पहुँचाते हैं, जो आज के समाज के लिए सर्वाधिक आवश्यक है।

  क्रमशः!!!-🙏🙏

सोमवार, 3 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:10

 🙏🙏

सहयज्ञाः प्रजाः सृष्ट्वा पुरोवाच प्रजापतिः। 

अनेन प्रसविष्यध्वमेष वोस्त्विष्टकामधुक।।१०।।

  सह-के साथ; यज्ञाः-यज्ञों; -प्रजाः संततियों; सृष्ट्वा -रच कर; पुरा-प्राचीन काल में; उवाच-कहा; प्रजा-पतिः जीवों के स्वामी ने; अनेन -इससे; परसविष्यध्वम -अधिकाधिक समृद्ध होओ; एषः -यह; वः -तुम्हारा; अस्तु -होए; इष्ट -समस्त वांछित वस्तुओं का; काम-धुक-प्रदाता। 

सृष्टि के प्रारम्भ में समस्त प्राणियों के स्वामी (प्रजापति ) ने विष्णु के लिए यज्ञ सहित मनुष्यों तथा देवताओं की संततियों को रचा और उनसे कहा, "तुम इस यज्ञ से सुखी रहो क्योंकि इसके करने से तुम्हें सुखपूर्वक रहने तथा मुक्ति प्राप्त करने के लिए समस्त वांछित वस्तुएं प्राप्त हो सकेंगी। "

तात्पर्य :-प्राणियों के स्वामी (विष्णु ) द्वारा भौतिक सृष्टि की रचना बद्धजीवों के लिए भगवद्धाम वापस जाने का सुअवसर है। इस सृष्टि के सारे जीव प्रकृति द्वारा बद्ध हैं क्योंकि उन्होंने श्री भगवान् विष्णु या कृष्ण के साथ अपने सम्बन्ध को भुला दिया है। इस शाश्वत सम्बन्ध को समझने में वैदिक नियम हमारी सहायता के लिए हैं, जैसा कि भगवद्गीता में कहा गया है -वेदैश्च सर्वैरहमेव वेद्य:  भगवान् का कथन है  कि वेदों का उद्देश्य मुझे समझना है। वैदिक स्तुतियों में कहा गया है -पतिं विश्र्वस्यतमेश्र्वरम।  अतः जीवों के स्वामी (प्रजापति ) श्री भगवान् विष्णु हैं। श्रीमदभागवत में भी ( २. ४. २० ) श्रील शुकदेव गोस्वामी ने भगवान् को अनेक रूपों में पति  कहा है-

श्रियः पतिर्यज्ञपतिःप्रजापतिर्धियां पतिर्लोकपतिर्धरापतिः। 

       पतिर्गतिश्चान्धकवृष्णिसात्वतां प्रसीदतां में भगवान् सतां पतिः।। 

प्रजापति  तो भगवान् विष्णु हैं और वे समस्त प्राणियों के,समस्त लोकों के तथा सुंदरता के (पति ) हैं और हर एक के त्राता हैं। भगवान् ने  भौतिक जगत को इसलिए रचा कि बद्धजीव यह सीख सकें कि वे विष्णु को प्रसन्न करने के लिए किस प्रकार यज्ञ करें जिससे वे इस जगत में चिंतारहित होकर सुखपूर्वक रह सकें तथा इस भौतिक देह का अंत होने पर भगवद्धाम को जा सके। बद्धजीव के लिए ही यह सम्पूर्ण कार्यक्रम है। यज्ञ करने से बद्धजीव क्रमशः कृष्णभावनाभावित होते हैं और सभी प्रकार से देवतुल्य बनते हैं। कलियुग में वैदिक शास्त्रों ने संकीर्तन यज्ञ ( भगवान् के नामों का कीर्तन ) का विधान किया है और इस दिव्य विधि का प्रवर्तन चैतन्य महाप्रभु द्वारा इस युग  समस्त लोगों के उद्धार के लिए किया गया। संकीर्तन-यज्ञ के विशेष प्रसंग में, भगवान् कृष्ण का अपने भक्त रूप (चैतन्य महाप्रभु रूप ) में निम्न प्रकार से उल्लेख हुआ है -

कृष्णवर्ण त्विषाकृष्णं संगोपाङ्गास्त्रपार्षदम। 

यज्ञैः सङ्गकीर्तनप्रायैर्यजन्ति   हि  सुमेधसः।।

"इस  कलियुग में जो लोग पर्याप्त बुद्धिमान हैं वे भगवान् की उनके पार्षदों सहित संकीर्तन-यज्ञ द्वारा पूजा करेंगे। "वेदों में वर्णित अन्य यज्ञों को  कलिकाल में कर पाना सहज नहीं,किन्तु संकीर्तन-यज्ञ सुगम है और सभी दृष्टि से अलौकिक है,जैसा कि भगवदगीता में भी ( ९. १४ ) संस्तुति की गयी है।

क्रमशः :-!!! 🙏🙏 

                                               

  

रविवार, 2 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:9

 🙏🙏 

यज्ञार्थात्कर्मणोन्यत्र लोकोयं कर्मबन्धनः 

      तदर्थ कर्म कौन्तेय मुक्तसङ्गः समाचर।।९।।

यज्ञ-अर्थात -एकमात्र यज्ञ या विष्णु के लिए किया गया; कर्मणः -कर्म की अपेक्षा;अन्यत्र -अन्यथा; लोकः -संसार; अयम -यह; कर्म-बन्धनः -कर्म के कारण बन्धन; तत-उस; अर्थम्-के लिए; कर्म-कर्म; कौन्तेय-हे कुन्तीपुत्र; मुक्त-सङ्गः -सङ्ग; ( फलाकांक्षा ) से मुक्त्त; समाचर -भलीभांति आचरण करो। 

श्री विष्णु के लिए यज्ञ रूप में कर्म करना चाहिए,अन्यथा कर्म के द्वारा इस भौतिक जगत में बन्धन उत्पन्न होता है। अतः हे कुन्तीपुत्र ! उनकी प्रसन्नता के लिए अपने नियत कर्म करो। इस तरह तुम बन्धन से सदा मुक्त रहोगे। 

तात्पर्य :-चूँकि मनुष्य को शरीर के निर्वाह के लिए कर्म करना होता है,अतः विशिष्ट सामजिक स्थिति तथा गुण को ध्यान में रखकर नियत कर्म इस तरह बनाये गए हैं कि उस उद्देश्य की पूर्ति हो सके। यज्ञ का अर्थ भगवान विष्णु हैं। सारे यज्ञ भगवान् विष्णु की प्रसन्नता के लिए हैं। वेदों का आदेश है -यज्ञो वै विष्णुः।दूसरे शब्दों में,चाहे कोई निर्दिष्ट यज्ञ संपन्न करे या प्रत्यक्ष रूप से भगवान् विष्णु की सेवा करे,दोनों से एक ही प्र्योजन सिद्ध होता है, अतः जैसा कि इस श्लोक में संस्तुत किया गया है, कृष्णभावनामृत यज्ञ ही है। वर्णाश्रम धर्म का भी उद्देश्य भगवान् विष्णु को प्रसन्न करना है। वर्णाश्रममाचारवता पुरुषेण परः पुमान। विष्णुराराध्यते ( विष्णु पुराण ३.८. ८ ) | 

अतः भगवान् विष्णु की प्रसन्नता के लिए कर्म करना चाहिए। इस जगत में किया जाने वाला अन्य कोई कर्म बंधन का कारण होगा,क्योंकि अच्छे तथा बुरे कर्मों के फल होते हैं और कोई भी फल कर्म के करने वाले को बांध लेता है। अतः कृष्ण ( विष्णु ) को प्रसन्न करने के लिए कृष्णभावनाभावित होना होगा और जब कोई ऐसा कर्म करता है तो वह मुक्त दशा को प्राप्त रहता है। यही महान कर्म कौशल है और प्रारम्भ में इस विधि में अत्यंत कुशल मार्ग दर्शन की आवश्यकता होती है। अतः भगवद्भक्त के निर्देशन में या साक्षात भगवान् कृष्ण के प्रत्यक्ष आदेश के अंतर्गत (जिनके अधीन अर्जुन को कर्म करने का अवसर मिला था ) मनुष्य को परिश्रमपूर्वक कर्म करना चाहिए। इन्द्रियतृप्ति के लिए कुछ भी नहीं किया जाना चाहिए,अपितु हर कार्य कृष्ण की प्रसन्नता ( तुष्टि ) के लिए होना चाहिए। इस विधि से न केवल कर्म के बंधन से बचा जा सकता है,अपितु इससे मनुष्य को क्रमशः भगवान् की वह प्रेमाभक्ति प्राप्त हो सकेगी, जो भगवद्धाम को ले जाने वाली है।

क्रमशः !!!🙏🙏  







   

शनिवार, 1 मई 2021

BHAGAVAD GITA 3:8

🙏🙏

 नियतं कुरु त्वं कर्म ज्यायो ह्यकर्मणः। 

शरीरयात्रापि च ते न प्रसिद्ध्येदकर्मणः।।८।।

नियतम -नियत; कुरु -करो; कर्म -कर्तव्य; त्वम -तुम; कर्म -कर्म करना; ज्याय -श्रेष्ठ; हि -निश्चय ही; अकर्मण -काम करने की अपेक्षा; शरीर -शरीर का; यात्रा -पालन,निर्वाह; अपि -भी; च -भी; ते -तुम्हारा; न -कभी नहीं; प्रसिद्ध्येत -सिद्ध होता है; अकर्मणः -बिना काम के। 

अपना नियत कर्म करो, क्योंकि कर्म न करने की अपेक्षा कर्म करना श्रेष्ठ है। कर्म के बिना तो शरीर -निर्वाह भी नहीं हो सकता। 

तात्पर्य :-ऐसे अनेक छद्म ध्यानी हैं, जो अपने आपको उच्चकुलीन बताते हैं तथा ऐसे बड़े-बड़े व्यवसायी ब्यक्ति हैं,जो झूठा दिखावा करते हैं कि आध्यात्मिक जीवन में प्रगति करने के लिए उन्होंने सर्वस्व त्याग दिया है। श्रीकृष्ण यह नहीं चाहते थे कि अर्जुन मिथ्याचारी बने,अपितु वे चाहते थे कि अर्जुन क्षत्रियों  के  लिए निर्दिष्ट धर्म का पालन करे। अर्जुन गृहस्थ था  और सेनानायक था, अतः उसके लिए श्रेयस्कर था कि वह उसी रूप में गृहस्थ क्षत्रिय के लिए निर्दिष्ट धार्मिक कर्तव्यों का पालन करें। ऐसे कार्यों से संसारी मनुष्य का ह्रदय क्रमशः विमल हो जाता है और वह भौतिक कल्मष से मुक्त हो जाता है। देह निर्वाह के लिए किये गए तथाकथित त्याग (सन्यास ) का अनुमोदन न तो भगवान् करते हैं और न कोई धर्मशास्त्र ही। आखिर देह -निर्वाह के लिए कुछ न कुछ करना होता है। भौतिकवादी वासनाओं की शुद्धि के बिना कर्म मनमाने ढंग से त्याग करना ठीक नहीं। इस जगत का प्रत्येक व्यक्ति निश्चय ही प्रकृति पर प्रभुत्व जताने के लिए अर्थात इन्द्रियतृप्ति के लिए मलिन प्रवृति से ग्रस्त रहता है। ऐसी दूषित प्रवृतियों को  शुद्ध करने की आवश्यकता है। नियत कर्मों द्वारा ऐसा किये बिना मनुष्य को चाहिए कि तथाकथित अध्यात्मवादी   (योगी ) बनने तथा सारा काम छोड़ कर अन्यों पर  रहने का प्रयास न करें। 

क्रमशः!!! 🙏🙏