BHAGAVAD GITA IN HINDI

मंगलवार, 13 जुलाई 2021

BHAGAVAD GITA 3:42

 🙏🙏इन्द्रियाणि पराण्याहुरिन्द्रियेभ्यः परं मनः। 

मनसस्तु परा बुद्धिर्यो बुद्धेः परतस्तु सः।।४२।।🙏🙏

इन्द्रियाणि -इन्द्रियों को; पराणी -श्रेष्ठ; आहुः -कहा जाता है; इन्द्रियेभ्यः--इन्द्रियों से बढ़कर; परम -श्रेष्ठ; मनः -मन; मनसः -मन की अपेक्षा; तु -भी; परा -श्रेष्ठ; बुद्धि -बुद्धि; यः -जो; बुद्धेः -बुद्धि से भी; परतः -श्रेष्ठ; तु -किन्तु; सः -वह। 

कर्मेन्द्रियाँ जड़ पदार्थ की अपेक्षा श्रेष्ठ हैं, मन इन्द्रियों से बढ़कर है, बुद्धि मन से भी उच्च है और वह (आत्मा )बुद्धि से भी बढ़कर है। 

तात्पर्य :-इन्द्रियां काम के कार्यकलापों के विभिन्न द्वार हैं। काम का निवास शरीर में है,किन्तु उसे इन्द्रिय रूपी झरोखे प्राप्त हैं। अतः कुल मिलाकर इन्द्रियां शरीर से श्रेष्ठ हैं। श्रेष्ठ चेतना या कृष्णभावनामृत होने पर ये द्वार काम में नहीं आते। कृष्णभावनामृत में आत्मा भगवान् के साथ सीधा सम्बन्ध स्थापित करता है, अतः यहाँ पर वर्णित शारीरिक कार्यों की श्रेष्ठता परमात्मा में आकर समाप्त हो जाती है। शारीरिक कर्म का अर्थ है -इन्द्रियों  के कार्य और इन इन्द्रियों के अवरोध का अर्थ है -सारे शारीरिक कर्मों का अवरोध। लेकिन चूंकि मन सक्रिय रहता है, अतः शरीर के मौन तथा स्थिर रहने पर मन कार्य करता है -यथा स्वप्न के समय मन कार्यशील रहता है। किन्तु मन के ऊपर भी बुद्धि की संकल्पशक्ति होती है और बुद्धि के ऊपर भी स्वयं आत्मा है। अतः यदि आत्मा प्रत्यक्ष रूप में परमात्मा में रत रहे तो अन्य सारे अधीनस्थ -यथा-बुद्धि, मन तथा इन्द्रियां -स्वतः रत हो जायेंगे। कठोपनिषद में एक ऐसा ही अंश है जिसमे कहा गया है कि इन्द्रिय-विषय इन्द्रियों से श्रेष्ठ है और मन इन्द्रिय -विषयों से श्रेष्ठ है। अतः यदि मन भगवान् की सेवा में निरंतर लगा रहता है तो इन इन्द्रियों के अन्यत्र रत होने की सम्भावना नहीं रह जाती। इस मनोवृति की विवेचना की जा चुकी है। परं दृष्टा निवर्तते -यदि मन भगवान् की दिव्य सेवा में लगा रहे तो तुच्छ विषयों में उसके लग पाने की सम्भावना नहीं रह जाती। कठोपनिषद में आत्मा को महान कहा गया है। अतः आत्मा इन्द्रिय-विषयों, मन तथा बुद्धि -इन सबके ऊपर है। अतः  सारी समस्या का हल  यह है कि आत्मा के स्वरुप को प्रत्यक्ष समझा जाय। 

मनुष्य को चाहिए कि बुद्धि के द्वारा आत्मा की स्वाभाविक स्थिति को ढूंढे और मन को निरंतर कृष्णभावनामृत में लगाये रखे। इससे सारी समस्या हल हो जाती है। सामान्यतः नवदीक्षित अध्यात्मवादी को इन्द्रिय-विषयों से दूर रहने की सलाह दी जाती है। किन्तु इसके साथ-साथ मनुष्य को अपनी बुद्धि का उपयोग करके मन को सशक्त बनाना होता है। यदि कोई बुद्धिपूर्वक अपने मन भगवान के शरणागत होकर कृष्णभावनामृत में लगा  रहता है,तो मन स्वतः सशक्त हो जाता है और यद्धपि इन्द्रियां सर्प के समान अत्यंत बलिष्ठ होती हैं, किन्तु  ऐसा करने पर वे दन्त विहीन सापों के समान अशक्त हो जाएँगी। यद्धपि आत्मा बुद्धि,मन तथा इन्द्रियों का भी स्वामी है तो भी जब तक इसे कृष्ण की संगति द्वारा कृष्णभावनामृत में सुदृढ़ नहीं कर लिया जाता, तब तक चलायमान मन के कारण नीचे गिरने की पूरी-पूरी सम्भावना बनी रहती है। 

क्रमशः !!!!   🙏🙏      

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें